सूरत के सिविल अस्पताल के तृतीय वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर ने की आत्महत्या

Ads

सूरत के सिविल अस्पताल के तृतीय वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर ने की आत्महत्या

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 09:09 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 09:09 PM IST

अहमदाबाद, 24 सितंबर (भाषा) गुजरात में सूरत के नए सिविल अस्पताल के एक रेजिडेंट डॉक्टर ने बृहस्पतिवार अपराह्न अपनी कलाई काटकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अस्पताल की प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पारुल बडगामा ने बताया कि तृतीय वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर योगेंद्र प्रजापति ने अस्पताल से सटे मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना (एनाटोमी) विभाग के शव विच्छेदन (डिसेक्शन) कक्ष में कथित तौर पर अपनी कलाई काट ली।

उन्होंने बताया, ‘‘वह सुबह से शव विच्छेदन कक्ष में थे और स्नातक छात्रों की परीक्षा में शामिल थे। उनकी तीसरे वर्ष की परीक्षाएं पिछले सप्ताह समाप्त हो गई थीं और वह कुछ लंबित औपचारिकताएं पूरी कर रहे थे।’’

कॉलेज के अधिकारियों ने बताया कि डॉ. प्रजापति अपनी पत्नी के साथ कॉलेज के छात्रावास में रहते थे। उनके इस कदम के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

इसी कॉलेज में नौ अगस्त को 30-वर्षीय छात्र हर्ष पंड्या ने छात्रावास के अपने कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

मामले की जांच में पाया गया था कि सूक्ष्म जीव विज्ञान विभाग के प्रथम वर्ष के छात्र को मौखिक दुर्व्यवहार और अपमान का सामना करना पड़ा था। इसके बाद चार वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टरों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था और उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश