पेपर लीक की घटनाएं मेहनती युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़: चिराग पासवान

Ads

पेपर लीक की घटनाएं मेहनती युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़: चिराग पासवान

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 11:38 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 11:38 PM IST

पटना, 24 सितंबर (भाषा) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ हैं और इन्हें रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

पटना के वेटरनरी ग्राउंड में आयोजित पार्टी के ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में चिराग पासवान ने बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं के साथ शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, तकनीक और उद्यमिता जैसे विषयों पर खुला संवाद किया।

उन्होंने कहा कि इस मंच का उद्देश्य युवाओं को अपनी समस्याएं, सुझाव और आकांक्षाएं सीधे रखने का अवसर देना है।

चिराग ने युवाओं से कहा, ‘‘मैं यहां केंद्रीय मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक बड़े भाई के रूप में आपकी बात सुनने आया हूं।’’

संवाद के दौरान युवाओं ने करियर, सरकारी नौकरियों, रोजगार के अवसर, स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), कोडिंग और डिजिटल कौशल से जुड़े सवाल उठाए।

उन्होंने बिहार में उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी चर्चा की।

पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। युवाओं ने कहा कि वर्षों तक तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों पर ऐसी घटनाओं का गंभीर प्रभाव पड़ता है।

इस पर चिराग पासवान ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर पैदा करना और उनकी मेहनत के साथ न्याय सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासनिक और नीतिगत स्तर पर प्रभावी उपाय किए जाने जरूरी हैं।

इस कार्यक्रम में युवाओं ने स्वरोजगार, प्रशिक्षण और सरकारी सहयोग से जुड़े सुझाव भी दिए, जिन पर चिराग पासवान ने विस्तार से अपनी बात रखी।

भाषा

कैलाश रवि कांत