जनहित के मुद्दों को लेकर मेघालय सचिवालय पहुंचे वीपीपी के हजारों समर्थक

Ads

जनहित के मुद्दों को लेकर मेघालय सचिवालय पहुंचे वीपीपी के हजारों समर्थक

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 06:56 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 06:56 PM IST

शिलांग, छह अगस्त (भाषा) मेघालय के विपक्षी दल ‘वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी’ (वीपीपी) के हजारों समर्थकों ने जन समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए बृहस्पतिवार को मेघालय सचिवालय तक एक विरोध मार्च निकाला।

वीपीपी की प्रमुख मांगों में लुमपोंगडेंग द्वीप पर पांच सितारा होटल परियोजना को लागू करना, उस पर ‘श्वेत पत्र’ जारी करना, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना और स्थानीय मूल निवासियों के अधिकारों की सुरक्षा शामिल है।

प्रदर्शन के दौरान, कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस रैली में वीपीपी के विधायकों के अलावा खासी हिल्स और जयंतिया हिल्स स्वायत्त जिला परिषदों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

सचिवालय परिसर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था और मार्च को नियंत्रित करने के लिए कई स्तरों पर अवरोधक लगाए गए थे। हालांकि, यह प्रदर्शन बिना किसी अप्रिय घटना के पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

रैली के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए वीपीपी अध्यक्ष एर्डेंट मिलर बसाईयावमोइत ने कहा कि बार-बार निवेदन करने के बावजूद जब सरकार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तब पार्टी को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि हमें सड़कों पर क्यों उतरना पड़ा? क्योंकि जब भी हमने जनहित के मुद्दे उठाए, सरकार ने बार-बार हमें नजरअंदाज किया।

इस प्रदर्शन को सफल बताते हुए बसाईयावमोइत ने कहा कि काम के दिन भी लोगों की यह ‘स्वतःस्फूर्त’ भारी भीड़ पार्टी के प्रति बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाती है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश