नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान हुए झगड़े के बाद 28 वर्षीय एक युवक पर कथित रूप से चाकू से हमला करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि अमित (40), विकास उर्फ विक्कू (27) और वरुण (19) को सात सितंबर को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब 12 बजे त्रिलोकपुरी में काली माता मंदिर के पास उस समय हुई, जब आरोपियों ने कपिल नाम के युवक को घर लौटते समय घेर लिया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी दिल्ली) अभिषेक धानिया ने बताया, “अमित के उकसावे पर अन्य दो आरोपियों ने कपिल को रोका। इसके बाद वरुण ने कपिल पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसके पेट, जांघ, पैर और बांह पर गंभीर चोटें आईं।”
उन्होंने बताया कि कपिल किसी तरह बचकर त्रिलोकपुरी में अपनी बहन के घर पहुंचा, जहां से उसके दोस्त उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए।
अधिकारी ने बताया कि बाद में कपिल को एम्स ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि चाकू से हमला करने की यह घटना छह सितंबर को गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान हुए विवाद का नतीजा थी।
पुलिस के मुताबिक, झगड़े के बाद आरोपियों ने कपिल पर हमला करने की साजिश रची।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर मयूर विहार थाने में एक मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तकनीकी निगरानी शुरू की और संदिग्धों तक पहुंचने के लिए खुफिया जानकारी का सहारा लिया।
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम तक तीनों आरोपियों को ‘स्टार सिटी मॉल’ के पास डीडीए पार्क से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सफाई कर्मचारी अमित पहले भी हत्या के एक मामले में शामिल रहा है।
पुलिस ने बताया कि विकास पांच अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रहा है जबकि बेरोजगार वरुण पर भी हत्या का एक मामला दर्ज है।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश