फर्जी बैंक शाखा खोलकर सर्राफ से 28 लाख रुपये का सोना हड़पने का मामला: तीन आरोपी गिरफ्तार

Ads

फर्जी बैंक शाखा खोलकर सर्राफ से 28 लाख रुपये का सोना हड़पने का मामला: तीन आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 08:14 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 08:14 PM IST

दाहोद (गुजरात), 21 जुलाई (भाषा) गुजरात के दाहोद जिले में एक नामी निजी बैंक की फर्जी शाखा खोलकर एक सर्राफ से 28.60 लाख रुपये के सोने को हड़पने के के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दाहोद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने सोमवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया पूरा सोना बरामद कर लिया।

पुलिस उपाधीक्षक जे. पी. भंडारी ने बताया कि 15 जुलाई को आरोपी एक प्रतिष्ठित निजी बैंक के कर्मचारी बनकर महावीर ज्वेलर्स पहुंचे और कहा कि उन्हें अगले दिन होने वाली रथ यात्रा के दौरान दान देने के लिए सोने के बिस्किट खरीदने हैं।

उन्होंने बताया कि सौदा तय होने के बाद सर्राफ को सोने के 200 ग्राम वजनी बिस्किट की आपूर्ति करने के लिए निजी बैंक की एक फर्जी शाखा में बुलाया गया। आरोपियों ने सोना लेने के बाद उसे ए-फोर आकार के कागजों से भरा एक बैग थमा दिया और कहा कि उसमें आधी रकम है, जबकि शेष भुगतान की व्यवस्था की जा रही है।

भंडारी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि जब सर्राफ ‘कार्यालय’ में इंतजार कर रहा था, तब आरोपी पिछले दरवाजे से भाग गए।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई कार की पहचान की। सोमवार को जब यह कार राजस्थान की ओर से आती दिखाई दी तो पुलिस ने उसे रोककर खेड़ा निवासी दीपकसिंह राजपूत तथा राजस्थान निवासी ललितकुमार राठौड़ और आदिल माजिद को पकड़ लिया।

भंडारी ने बताया, ‘‘ललित ने कथित तौर पर सर्राफ की दुकान पर जाकर उसका विश्वास जीता था, जबकि दीपकसिंह सोना हड़पने में संलिप्त था और आदिल दोनों की मदद कर रहा था।’’ उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम धीरज

धीरज