नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में एक व्यक्ति से पांच लाख रुपये छीनने के आरोप में एक हिस्ट्री-शीटर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से 2.15 लाख रुपये नकद और अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 मई को हुई थी जब शिकायतकर्ता अपने मकान मालिक की ओर से पांच लाख रुपये पश्चिम पंजाबी बाग में एक व्यक्ति को देने जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि जैसे ही वह निर्धारित स्थान पर पहुंचा और संबंधित व्यक्ति की पत्नी से संपर्क किया, दो अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर नकदी छीन ली और भाग गए।
पंजाबी बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की गतिविधियों पर नज़र रखी।
एक अधिकारी ने बताया, ‘सीसीटीवी फुटेज के जरिए पहचान होने के बाद सुनील कश्यप नाम के एक संदिग्ध को सबसे पहले गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान सुनील ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उसने मोहम्मद मोनिस, रितिक उर्फ गोलू, आसिफ उर्फ आशु और भूरा नामक एक अन्य साथी के साथ मिलकर नकदी के बारे में पूर्व सूचना प्राप्त करने के बाद अपराध को अंजाम देने की साजिश रची थी।’
पुलिस ने बाद में मोनिस और आसिफ को दिल्ली के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। आसिफ को 19 मई को विकासपुरी से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, मोनिस (31) रनहोला थाने का खराब चरित्र (बीसी) का व्यक्ति घोषित है और उस पर लूट और झपटमारी के कई मामलों में शामिल होने का आरोप है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश