शिवमोगा (कर्नाटक), 27 फरवरी (भाषा) देशभर में दर्ज 352 शिकायतों और 82 करोड़ रुपये से अधिक के साइबर धोखाधड़ी मामलों के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यहां शुक्रवार को यह जानकारी दी।
साइबर अपराध पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कर्नाटक पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी 43 वर्षीय जगदीश सी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता विल्सन को कमीशन का लालच देकर बैंक खाता खुलवाया।
पुलिस ने बताया कि जगदीश ने बाद में विल्सन के खाते को अपने कब्जे में ले लिया और धोखाधड़ी से रकम हस्तांरित की।
पुलिस ने बताया कि शिवमोगा के शरावती नगर स्थित शरदाम्मा कंपाउंड का निवासी जगदीश इलेक्ट्रॉनिक्स का व्यवसाय करता है।
पुलिस के अनुसार अन्य दो आरोपियों की पहचान चिक्कमगलुरु के शंकरपुरा निवासी मछली व्यापारी अरशद (39) और शिवमोगा के होसमने निवासी विपणन पेशेवर अनंत टी (34) के रूप में हुई है।
भाषा
राखी देवेंद्र
देवेंद्र