शिमला, 16 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में तीन सहायक प्रोफेसर को सेवा से बर्खास्त कर दिया है तथा उनके आगे नियोजन पर भी रोक लगा दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सरकार ने यह कार्रवाई शिमला के लोहारब स्थित जवाहर लाल नेहरू राजकीय ललित कला महाविद्यालय में कथक नृत्य के सहायक प्रोफेसर पवन कुमार, हमीरपुर जिले के नादौन स्थित सिद्धार्थ सरकारी महाविद्यालय में रसायन विज्ञान के सहायक प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार और शिमला के चौड़ा मैदान स्थित राजीव गांधी सरकारी डिग्री महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर डॉ. वीरेंद्र शर्मा पर की है।
सहायक प्रोफेसर पवन कुमार पर एक छात्रा ने जनवरी 2024 में सात महीनों तक निरंतर यौन उत्पीड़न करने तथा उसे अपने आवास पर ले जाने का आरोप लगाया था। उन्हें 31 अगस्त 2024 को निलंबित किया गया था।
वहीं, सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय के डॉ. अनिल कुमार पर नवंबर 2024 में एक छात्रा ने प्रैक्टिकल कक्षा के दौरान बार-बार गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया, जिसके बाद उन्हें 27 नवंबर 2024 को निलंबित किया गया था।
इसके अतिरिक्त, दिसंबर 2021 में एक छात्रा द्वारा डॉ. वीरेंद्र शर्मा पर अनुचित संदेश भेजने और छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए थे। जांच में दोषी पाए जाने के बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।
इस संबंध में बृहस्पतिवार को जारी आदेश के अनुसार, शिकायतों के आधार पर, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा आरोपी सहायक प्रोफेसरों को उनके पदों से बर्खास्त कर दिया गया है और उन्हें सरकारी क्षेत्र में आगे रोजगार प्राप्त करने से भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश