दिल्ली में द्वारका गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चे डूबे
दिल्ली में द्वारका गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चे डूबे
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) द्वारका के सेक्टर 24 इलाके में स्थित एक गोल्फ कोर्स के तालाब में बृहस्पतिवार सुबह आठ से 10 साल की उम्र के तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
द्वारका सेक्टर 23 थाने को सुबह सात बजकर सात मिनट पर इस घटना के संबंध में सूचना मिली जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी सूचित किया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘मौके पर पहुंची पुलिस ने गोल्फ कोर्स परिसर के अंदर एक तालाब में तीन बच्चों को मृत पाया। दमकल विभाग के कर्मियों की सहायता से शवों को बाहर निकाला गया।’’
उन्होंने बताया कि बच्चों के कपड़े किनारे पर मिले, जिससे संकेत मिलता है कि वे नहाने के लिए तालाब में उतरे होंगे।
खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी।
पुलिस ने कहा कि वे बच्चों की पहचान करने और उनके परिवारों का पता लगाने के प्रयास कर रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक इलाके में मृतकों के विवरण से मेल खाती कोई गुमशुदगी की शिकायत नहीं मिली है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस ने कहा कि बच्चों के डूबने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान अविनाश सुरभि
सुरभि

Facebook


