दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में गैस सिलेंडर विस्फोट में परिवार के तीन लोग घायल

Ads

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में गैस सिलेंडर विस्फोट में परिवार के तीन लोग घायल

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 04:02 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 04:02 PM IST

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में शनिवार तड़के एक घर में संदिग्ध गैस सिलेंडर विस्फोट में एक दंपति और उनका 22 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान जगदीश (52), उनकी पत्नी लक्ष्मी (48) और उनके बेटे ज्योतिष (26) के रूप में हुई है। इस घटना में जगदीश लगभग 80 प्रतिशत झुलस गए, उनकी पत्नी लगभग 70 प्रतिशत झुलस गईं और उनका बेटा लगभग 25 प्रतिशत झुलस गया है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा कि विभाग को सुबह चार बजकर 46 मिनट पर एक फोन आया था जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को घटनास्थल भेजा गया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार पीड़ितों के एक मंजिला घर में अचानक विस्फोट हुआ। घटना के वक्त सभी सो रहे थे।

उन्होंने आगे कहा, ‘‘शुरुआती रिपोर्ट से एलपीजी सिलेंडर से रिसाव का संकेत मिलता है। लेकिन घटनास्थल का निरीक्षण पूरा होने के बाद तकनीकी विशेषज्ञ वास्तविक कारण का पता लगाएंगे।’’

पुलिस ने बताया कि जगदीश दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते हैं और उनकी पत्नी लक्ष्मी गृहिणी हैं जबकि उनका बेटा ज्योतिष नोएडा के एक सैलून में काम करता है। जगदीश और ज्योतिष को शुरू में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया और लक्ष्मी को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि तीनों को बाद में सफदरजंग के ‘बर्न्स वार्ड’ में रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि जगदीश और ज्योतिष की हालत स्थिर है लेकिन लक्ष्मी की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटनास्थल के पास रहने वाले मदनपुर खादर इलाके के निवासियों ने कहा कि उन्हें पहले लगा कि भूकंप आया है।

पड़ोसी श्याममल बर्मन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई होगी। मैं वॉशरूम में था तभी अचानक मुझे एक जोरदार धमाका सुनाई दिया और हमारा घर हिलने लगा। मुझे लगा कि शायद भूकंप आया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं दौड़कर नीचे गया, तो मैंने देखा कि एक मोटरसाइकिल के पास एक दरवाजा पड़ा हुआ था और पति-पत्नी दोनों वहीं बैठे मदद के लिए चिल्ला रहे थे।’’

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

भाषा सुरभि पवनेश

पवनेश