नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि बंबीहा गिरोह से जुड़े तीन भगोड़े अपराधियों को मलेशिया से प्रत्यर्पित किया गया है, जो सीमा पार से हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई मामलों में वांछित थे।
भारतीय एजेंसियों के प्रयासों से 2026 में 51 दुर्दांत अपराधियों का प्रत्यर्पण किया गया है।
गृह मंत्री शाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारतीय एजेंसियों के प्रयासों से मलेशिया में तीन भगोड़े भारतीय अपराधी पकड़े गए, जिन्हें भारत लाया गया और उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पोस्ट में कहा गया है, ‘‘भगोड़े अपराधियों में जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनदीप सिंह शामिल हैं, जो बंबीहा गिरोह से जुड़े हुए हैं और उन पर जबरन वसूली, सीमा पार हथियार और मादक पदाथों की तस्करी और लुधियाना में एक नाकाम ग्रेनेड हमला सहित कई अपराधों का आरोप है।’’
पोस्ट के अनुसार, ‘‘सुरक्षित भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के तहत, हमारी एजेंसियों के प्रयासों से सिर्फ 2026 में ही 51 दुर्दांत अपराधियों का प्रत्यर्पण हुआ है।’’
भाषा अविनाश दिलीप
दिलीप