खूंटी, 11 जुलाई (भाषा) झारखंड के खूंटी जिले में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से साइकिल सवार समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार शाम अड़की थाना क्षेत्र में जेनाडीह गांव के पास सिंदरी-डोरिया मार्ग पर हुआ। हादसे के समय मोटरसाइकिल पर चालक समेत तीन लोग सवार थे।
अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा, ‘मोटरसाइकिल से नियंत्रण हटने के कारण चालक ने साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चारों व्यक्ति सड़क पर गिर गए।’
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान साइकिल सवार पूर्ण मुंडा (47), मोटरसाइकिल चालक अमृत पातर (25) और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे आयुष पातर (17) के रूप में हुई है, जबकि उनका दोस्त सुनील पातर (25) रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में उपचाराधीन है।
अधिकारी ने बताया कि पूर्ण मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमृत पातर और आयुष पातर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना उस समय हुई, जब चारों डोरिया साप्ताहिक हाट-बाजार से मानकीडीह स्थित अपने घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया, ‘सुनील की हालत गंभीर बनी हुई है। पूर्ण मुंडा के शव का पोस्टमार्टम खूंटी के सदर अस्पताल में कराया जाएगा, जबकि अन्य दो मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम रिम्स में होगा।’
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोगों ने मादक पदार्थ का सेवन किया हुआ था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन