मंगलुरु में बारिश के कारण भूस्खलन से मकान ढहा, तीन लोगों की मौत

मंगलुरु में बारिश के कारण भूस्खलन से मकान ढहा, तीन लोगों की मौत

मंगलुरु में बारिश के कारण भूस्खलन से मकान ढहा, तीन लोगों की मौत
Modified Date: July 1, 2026 / 11:36 am IST
Published Date: July 1, 2026 11:36 am IST

मंगलुरु, एक जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु में बुधवार तड़के बारिश के कारण हुए भूस्खलन से एक मकान ध्वस्त हो गया, जिससे दो बच्चियों समेत एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोगों को बचा लिया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रातभर हुई भारी बारिश के कारण मंगलुरु के नागोरी इलाके में भूस्खलन हुआ और एक मकान ढह गया।

उन्होंने बताया कि मकान गिरने से परिवार के छह सदस्य मलबे में फंस गए। स्थानीय निवासी, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मी और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा लोगों को मलबे से निकालने के लिए अभियान शुरू किया।

मृतकों की पहचान शांता (46), उनकी आठ वर्षीय बेटी अनामिका चौरसिया और चार वर्षीय बेटी परी के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि बालकृष्ण (48), अलका (14) और अनुष्का (11) को मलबे से जीवित निकाल लिया गया तथा उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि मूल रूप से बिहार का रहने वाला यह परिवार पिछले दो दशक से कांकानाडी इलाके में रह रहा था। प्रारंभिक तथ्यों से संकेत मिलता है कि लगातार बारिश की वजह से एक पहाड़ी से मिट्टी का एक बड़ा ढेर मकान पर आ गिरा जिससे वह ढह गया।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कर्मी भी तलाश एवं बचाव अभियान में शामिल हुए और तीन व्यक्तियों के शव मलबे से बाहर निकाले गए जिसके बाद बचाव अभियान समाप्त हो गया।

दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त दर्शन ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे अधिकारियों से जानकारी ली।

जिला प्रशासन ने तटीय जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर पहाड़ी इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

जिला अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र का अध्ययन भी शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां रहना लोगों के लिए सुरक्षित है या नहीं।

भाषा सं राजेंद्र वैभव सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में