बस और कार की टक्कर, तीन लोगों की मौत
बस और कार की टक्कर, तीन लोगों की मौत
जयपुर, 19 जुलाई (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में रविवार को बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में बुआ-भतीजी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर हुआ।
थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि कार में सवार लोग तौलियासर भैरूजी मंदिर में दर्शन करने के बाद नापासर के गुसाईसर गांव लौट रहे थे।
उन्होंने बताया, ‘‘तभी सामने से आ रही एक बस और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।’’
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कार चालक दानीराम (45), मेघा (16) और शिवांगी (पांच) के रूप में हुई है। मेघा और शिवांगी बुआ-भतीजी थीं।
अधिकारियों ने बताया कि कार में सवार आठ अन्य लोग घायल हुए हैं और उन्हें बीकानेर के प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल (पीबीएम) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
कश्यप सिंह ने कहा, ‘‘आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
पुलिस के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है।
भाषा बाकोलिया
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


