मेदिनीनगर/हजारीबाग, एक जून (भाषा) झारखंड के पलामू और हजारीबाग जिलों में दो सड़क हादसों में एक बुजुर्ग व्यक्ति सहित तीन लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पलामू जिले में सोमवार को हुसैनाबाद पुलिस थाना क्षेत्र में जापला-छत्तरपुर मुख्य सड़क पर एक ट्रक और ऑटो-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई और तीन महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए।
हुसैनाबाद पुलिस थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान 65-वर्षीय चंद्रिका यादव के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘घायल छह लोगों में से दो -सुमन बीबी (65) और पीर मोहम्मद (35)- की हालत गंभीर है और उनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा चालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।’’
हजारीबाग जिले में रविवार को चुरचू पुलिस थाना क्षेत्र के बोदरा गांव के पास कोयले से लदे एक ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे इस (स्कूटर) पर सवार दो लोगों की मौत हो गई।
चुरचू पुलिस थाना प्रभारी अश्विनी चौहान ने बताया, ‘‘कोयले से लदे एक ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आकाश हांसदा (28) और राजेंद्र बास्के (26) के रूप में हुई है। दोनों बोदरा नीमटोला गांव के निवासी थे।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित सरूबेरा गांव में एक रिश्तेदार के आवास पर आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक फरार है, जबकि वाहन को जब्त कर लिया गया है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश