जयपुर, 20 अगस्त (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सड़क हादसे में एक दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उसके अनुसार यह हादसा सोमवार रात सज्जनगढ़ थानाक्षेत्र में हैजामाल और सांगवा गांवों के बीच उस समय हुआ जब एक मोटरसाइकिल ट्रक को ‘ओवरटेक’ करते समय विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई।
हेड कांस्टेबल चंदू लाल ने बताया, ‘दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों को एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।’
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान लालजी डामोर और उसकी पत्नी सुमित्रा के रूप में हुई है। अन्य की पहचान ईश्वर पटेल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
भाषा पृथ्वी मनीषा राजकुमार
राजकुमार