बेलगावी में सड़क दुर्घटना में एक परिवार के तीन लोगों की मौत

बेलगावी में सड़क दुर्घटना में एक परिवार के तीन लोगों की मौत

बेलगावी में सड़क दुर्घटना में एक परिवार के तीन लोगों की मौत
Modified Date: May 26, 2026 / 02:39 pm IST
Published Date: May 26, 2026 2:39 pm IST

बेलगावी (कर्नाटक), 26 मई (भाषा) कर्नाटक के बेलगावी में मोटरसाइकिल और एक छोटे मालवाहक रिक्शा की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें नौ महीने का एक शिशु भी शामिल है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार शाम बेलगावी जिले के रायबाग तालुका में रेलवे स्टेशन मार्ग के पास हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रायबाग तालुका के बोम्मनल गांव निवासी महंतेश माने (27), उनकी पत्नी पायल माने (23) और उनके नौ महीने के बेटे समर्थ माने के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि घटना में दंपति की बेटी चैतन्य गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका पास के अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, महंतेश अपने परिवार के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, तभी रायबाग रेलवे स्टेशन रोड के पास सामने से आ रहे एक मालवाहक रिक्शा ने कथित तौर पर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

रायबाग थाने की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष


लेखक के बारे में