मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादी गिरफ्तार
Modified Date: July 13, 2026 / 11:21 am IST
Published Date: July 13, 2026 11:21 am IST

इंफाल, 13 जुलाई (भाषा) मणिपुर के दो जिलों में जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में प्रतिबंधित दो उग्रवादी संगठनों के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, उग्रवादियों से कथित तौर पर संबंध रखने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।

बयान के अनुसार, प्रतिबंधित यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपाक (यूपीपीके) के एक उग्रवादी को शनिवार को इंफाल ईस्ट जिले के पोरोमपट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान 37 वर्षीय सलाम बिजांदा सिंह के रूप में हुई है।

इसी दिन प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगद्रेनखोम्बा) के एक उग्रवादी को इंफाल पूर्व जिले के वांगखेई अयांगपल्ली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इसी संगठन के एक अन्य सदस्य को भी शनिवार को इंफाल पूर्व जिले के खुरई नंदेइबाम लेइकाई क्षेत्र से पकड़ा गया। उसकी पहचान 31 वर्षीय मोहम्मद मोतिम के रूप में हुई है।

इस बीच, सुरक्षा बलों ने रविवार को थोउबल जिले के यैरिपोक थाना क्षेत्र के यैरिपोक पेची रोड इलाके से उग्रवादियों से कथित संबंध रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 46 वर्षीय चागिसोंगतनबौ नखामनामाई के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक राइफल, उसकी एक मैगजीन और 10 कारतूस बरामद किए गए हैं।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में