झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की हत्या

झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की हत्या

झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की हत्या
Modified Date: May 25, 2026 / 06:29 pm IST
Published Date: May 25, 2026 6:29 pm IST

लोहरदगा/मेदिनीनगर, 25 मई (भाषा) झारखंड के लोहरदगा और पलामू जिलों में सोमवार को अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लोहरदगा में 35 वर्षीय व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के कारण अपने बुजुर्ग पिता और पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना भांद्रा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेंगरा टोली गांव में हुई, जहां आरोपी ने अपने 60 वर्षीय पिता सुरेंद्र ओरांव और 27 वर्षीय पत्नी सुजिता ओरांव पर हमला किया।

लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सादिक अनवर रिजवी ने बताया, “आरोपी संदीप ओरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।”

उन्होंने बताया कि हमले में उनकी तीन वर्षीय बच्ची घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी घटनास्थल से बरामद कर ली गई है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पलामू में 50 वर्षीय व्यक्ति ने एक पुरुष से संबंध होने का विरोध करते हुए अपनी बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहार गांव की है, जहां आरोपी ने अपनी 20 वर्षीय बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला किया।

लेस्लीगंज थाने के प्रभारी उत्तम कुमार राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “आरोपी अपराध करने के बाद फरार है। घटना के समय उसकी बेटी सो रही थी। उसकी पत्नी घर पर मौजूद थी, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। इस मामले में उसका बयान दर्ज करने के प्रयास किए जा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से “झूठी शान की खातिर हत्या” का मामला है।

अधिकारी ने कहा, “प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लड़की का एक पुरुष के साथ संबंध था। अपनी बेटी के रिश्ते से क्रोधित और परिवार की प्रतिष्ठा को लेकर चिंतित पिता ने धारदार हथियार से बेटी की हत्या कर दी।”

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराई मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) भेजा गया है और जांच जारी है।

भाषा जोहेब माधव

माधव


लेखक के बारे में