नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में रविवार देर रात चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई, जिसके बाद वहां फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को रात करीब दो बजकर तीन मिनट पर लॉरेंस रोड स्थित एक रिहायशी इमारत में आग लगने की सूचनाएं मिलीं। इसके बाद मौके पर दो दमकल वाहन, पानी के दो टैंकर और एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन भेजा गया।
दमकल कर्मियों ने इमारत की छत पर फंसे गौरव (28), कैरा (25) और इंदु बत्रा (55) को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
डीएफएस के एक अधिकारी के अनुसार, आग केवल इमारत के भूतल पर लगे 24 बिजली मीटरों तक ही सीमित रही। इस इमारत में भूतल सहित चार मंजिलें हैं।
अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग ने करीब ढाई बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिसके साथ ही राहत एवं बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
भाषा गोला शोभना
शोभना