फरीदाबाद में सेक्सटॉर्शन गिरोह चलाने के आरोप में एक नाबालिग समेत तीन लोग पकड़े गए

Ads

फरीदाबाद में सेक्सटॉर्शन गिरोह चलाने के आरोप में एक नाबालिग समेत तीन लोग पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 10:09 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 10:09 PM IST

फरीदाबाद, छह अगस्त (भाषा) फरीदाबाद पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर कथित सेक्सटॉर्शन गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सेक्सटॉर्शन वह साइबर अपराध है जिसमें किसी व्यक्ति की अंतरंग तस्वीरें या वीडियो बनाकर/हासिल करके, उन्हें सोशल मीडिया के जरिए साझा/प्रसारित करने की धमकी देकर पैसे ऐंठे जाते हैं या उनका भयादोहन किया जाता है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान राजस्थान के डीग जिले के कैथवाड़ा निवासी आसिफ उर्फ भस्सू, उसके साले अमन (निवासी जमाई कॉलोनी, फरीदाबाद) और एक नाबालिग के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि एनआईटी साइबर थाना पुलिस को बुधवार को सूचना मिली थी कि ये तीनों लोग सेक्सटॉर्शन के जरिए लोगों का शोषण कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जमाई कॉलोनी क्षेत्र में छापा मारा और आरोपियों को पकड़ लिया।

मुख्य आरोपी आसिफ को बृहस्पतिवार को शहर की अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने बताया कि अमन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर महिलाओं के नाम से वॉट्सऐप प्रोफाइल बनाते थे। युवतियों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर वे लोगों से ऑनलाइन दोस्ती करते थे, बातचीत शुरू करते थे और बाद में वीडियो कॉल करते थे। इस दौरान वे पहले से रिकॉर्ड किए गए अश्लील वीडियो चलाते थे ताकि पीड़ितों को लगे कि वे किसी महिला से बात कर रहे हैं।

पुलिस ने कहा कि आरोपी स्क्रीन-रिकॉर्डिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर कॉल के दौरान पीड़ितों की वीडियो रिकॉर्ड कर लेते थे और बाद में उसे अश्लील वीडियो के साथ जोड़कर एडिट कर देते थे। इसके बाद वे एडिट किए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने, पीड़ितों के रिश्तेदारों और परिचितों को भेजने या उन्हें झूठे कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी देकर पैसों की उगाही करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, चार फर्जी सिम कार्ड, महिलाओं के नाम से बनाए गए फर्जी सोशल मीडिया व जीमेल अकाउंट, अश्लील वीडियो और चैट रिकॉर्ड बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बरामद सिम कार्ड में से एक सिम कार्ड राजस्थान में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के दो मामलों से जुड़ा हुआ था।

भाषा सुमित प्रशांत

प्रशांत