ओडिशा के कोरापुट में हिरासत में हुई मौत के मामले में तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

ओडिशा के कोरापुट में हिरासत में हुई मौत के मामले में तीन पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 03:32 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 03:32 PM IST

कोरापुट, एक मई (भाषा) ओडिशा के कोरापुट जिले में 23-वर्षीय एक युवक की हिरासत में मौत के मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उप-निरीक्षक बिक्रम साहू और ओडिशा सहायक पुलिस बल (ओएपीएफ) कर्मी कर्ण पुजारी तथा बुधिराम माझी को निलंबित कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप संपद मदकर ने कहा कि प्रथम दृष्टया साक्ष्यों से यह पता चलता है कि तीन कर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही के कारण पूर्णा कलार ने हिरासत में आत्महत्या कर ली।

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, उन्हें निलंबित कर दिया गया है और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।’’

आंचला गांव निवासी कलार को सोमवार को एक लड़की के कथित अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसे डाबुगांव थाने में रखा गया था और बुधवार सुबह वह हवालात में फांसी पर लटका हुआ मिला।

उसकी मौत से इलाके में आक्रोश फैल गया, लोगों ने थाने पर हमला किया और एक सड़क को अवरुद्ध कर दिया।

नबरंगपुर स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने बताया कि अतिरिक्त एसपी आदित्य सेन इस मामले की जांच का नेतृत्व कर रहे हैं।

भाषा

शुभम सुरेश

सुरेश