जयपुर, 30 अप्रैल (भाषा) सवाईमाधोपुर जिले के रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में जोन-2 में सुबह सफारी के दौरान पर्यटकों को प्रतिबंधित क्षेत्र में घुमाने के मामले में वन विभाग ने तीन सफारी वाहनों, उनके गाइड और चालकों पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मामला 28 अप्रैल का है।
रणथम्भौर बाघ परियोजना के उपवन संरक्षक (पर्यटन) संजीव शर्मा ने बताया कि तीन सफारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। साथ ही गाइड राजेन्द्र सिंह राठौड़, विजय सिंह राठौड़ और बलवीर सिंह राठौड़ पर नियम उल्लंघन के आरोप हैं।
उन्होंने बताया कि जांच में एक वाहन का जीपीएस बंद मिला, जिससे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं।
संजीव ने बताया कि सभी से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही संबंधित वाहन, चालकों व गाइडों पर अग्रिम आदेश तक पार्क में प्रवेश पर प्रतिबंध भी लगाया गया है।
भाषा बाकोलिया शोभना
शोभना