दिल्ली में हैरी बॉक्सर गिरोह के तीन शूटर गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में हैरी बॉक्सर गिरोह के तीन शूटर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 06:51 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 06:51 PM IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रविवार को बताया कि उसने हैरी बॉक्सर गिरोह से जुड़े तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार कर दिल्ली-एनसीआर में कारोबारियों से रंगदारी वसूलने और निशाना बनाकर हत्याएं करने की साजिश नाकाम की है।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने नौ एमएम कैलिबर और एक बेरेटा पिस्तौल समेत तीन अवैध पिस्तौल और 26 कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई रोहिणी जिले के स्पेशल स्टाफ और नॉर्थ रोहिणी थाने ने मिलकर की। यह जांच इस साल की शुरुआत में दर्ज रंगदारी के एक मामले के बाद कई महीनों से जारी थी।

पुलिस के अनुसार, एक कारोबारी ने आठ मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे छह से आठ मार्च के बीच विदेशी नंबरों से बार-बार कॉल और मैसेज आए थे।

शिकायत के अनुसार कॉल करने वाले ने अपना नाम रणदीप मलिक बताया और कहा कि वह हैरी बॉक्सर गिरोह से जुड़ा है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने एक करोड़ रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव गोविंद, अभिनव उर्फ आकाश सिंह और विवेक के रूप में हुई है।

भाषा जोहेब वैभव

वैभव