रामबन में सुरंग के भीतर वाहनों की टक्कर में एसएसबी के तीन जवान घायल

Ads

रामबन में सुरंग के भीतर वाहनों की टक्कर में एसएसबी के तीन जवान घायल

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 05:57 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 05:57 PM IST

जम्मू, आठ अगस्त (भाषा) जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले में एक सुरंग के भीतर शनिवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के तीन वाहनों के आपस में टकराने से कम से कम तीन जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि एसएसबी का काफिला श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रहा था, तभी केला मोड़ के पास यह दुर्घटना हो गई।

अधिकारियों ने प्रारंभिक रिपोर्टों के हवाले से बताया कि सुरंग के भीतर से गुजर रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिसके बाद उसके पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में घायल हुए एसएसबी के तीन जवानों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया है।

टक्कर के कारण राजमार्ग पर यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। इस दौरान राजमार्ग पर मध्यम बारिश भी हुई।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश और दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए उत्पन्न हुई बाधा के बावजूद राजमार्ग पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहा।

यह राजमार्ग कश्मीर को देश के शेष हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र बारहमासी मार्ग है।

भाषा प्रचेता माधव

माधव