फरीदाबाद (हरियाणा), 17 नवंबर (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में मादक पदार्थों की तस्कर अंगूरी देवी द्वारा यहां नौलू कॉलोनी में अवैध रूप से बनाए गए तीन मंजिला मकान को बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता सूबे सिंह ने कहा कि अंगूरी देवी द्वारा नौलू कॉलोनी में अवैध रूप से बनाए गए तीन मंजिला मकान को गिरा दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अपराध की आय से अपराधियों द्वारा बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत इस अभियान को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में महिला तस्कर से जुड़ी यह तीसरी इमारत है, जिसे ध्वस्त कर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सुभाष कॉलोनी निवासी अंगूरी देवी (48) मादक द्रव्य रोकथाम संबंधी ‘एनडीपीएस’ कानून के तहत एक मामले में गिरफ्तार होने के बाद जमानत पर बाहर है। उन्होंने कहा कि अंगूरी देवी पिछले 16 वर्षों से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय है और उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के आठ मामले दर्ज हैं।
भाषा रंजन आशीष
आशीष