गृह मंत्रालय का प्रभार दिए जाने की खबरों के बीच शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने चेन्निथला से मुलाकात की

Ads

गृह मंत्रालय का प्रभार दिए जाने की खबरों के बीच शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने चेन्निथला से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 03:26 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 03:26 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 17 मई (भाषा) केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को राज्य में गठित होने वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार में गृह मंत्री बनाए जाने की खबरों के बीच शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यहां चेन्निथला के आवास पर उनसे मुलाकात की।

राज्य पुलिस प्रमुख रावदा चंद्रशेखर और एडीजीपी एच. वेंकटेश ने चेन्निथला से मुलाकात की।

यह पूछे जाने पर कि क्या यह गृह मंत्री-नामित के साथ बैठक थी चंद्रशेखर ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी और उन्होंने चेन्निथला को बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘हमने उनसे दिशा-निर्देश और निर्देश भी मांगे। हमने शपथ ग्रहण कार्यक्रम और उसके लिए की गई व्यवस्थाओं पर चर्चा की।’

उन्होंने कहा कि सोमवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।

चंद्रशेखर ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय समारोह में शामिल होंगे या नहीं, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि विभाग अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के कार्यालयों के संपर्क में है ताकि उनकी भागीदारी की पुष्टि प्राप्त की जा सके।

ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि चेन्निथला गृह और सतर्कता मंत्रालय का कार्यभार संभाल सकते हैं।

कांग्रेस और यूडीएफ के सहयोगी दलों में मंत्रियों और विभागों के आवंटन को लेकर चर्चा अभी जारी है और अंतिम सूची रविवार शाम को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को सौंपे जाने की उम्मीद है।

भाषा शुभम अमित

अमित