नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 8,931 दिन पूरे करने के रिकॉर्ड पर उन्हें रविवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री के रूप में यह उपलब्धि उनके राष्ट्र-प्रथम शासन के प्रति गहरे समर्पण को दर्शाती है।
मंत्रियों ने कहा कि यह गरीबों को अधिकार दिलाने और वैश्विक मंचों पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने की प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले सरकार प्रमुख हैं। राष्ट्र और इसकी जनता के प्रति अटूट समर्पण ही प्रधानमंत्री मोदी जी की पहचान है।’’
अमित शाह, जे पी नड्डा, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव सहित केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि ‘‘मोदी युग’’ ने विकास के क्षेत्र में नए मुकाम हासिल करते हुए भारत को पूरी तरह से बदल दिया है।
रक्षा मंत्री सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनकी अटूट प्रतिबद्धता से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनके समर्पित नेतृत्व तक-उनका जीवन सेवा का एक निरंतर सफर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज उन्होंने (मोदी) सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिन के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सरकार प्रमुख के रूप में 8,931 दिन तक सार्वजनिक पद पर रहते हुए, यह क्षण राष्ट्र-प्रथम शासन, कार्यों में ईमानदारी और प्रत्येक नागरिक की अथक सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’
सिंह ने कहा, ‘‘इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मोदी जी को हार्दिक बधाई।’’
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी की दशकों की सेवा ने एक नए युग को जन्म दिया है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा , “चाहे गरीबों को उनके अधिकार दिलाना हो, विकास में नए मुकाम हासिल करना हो या वैश्विक मंचों पर देश का गौरव बढ़ाना हो, मोदी युग ने भारत को पूरी तरह से बदल दिया है।”
गृह मंत्री ने कहा कि इस नए भारत के निर्माण के लिए जीवन भर के प्रयास की आवश्यकता थी, और प्रधानमंत्री मोदी ने वह प्रयास किया।
शाह ने कहा, “24 वर्षों से अधिक समय तक बिना छुट्टी लिए राष्ट्र और उसकी जनता की सेवा करना उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यही कारण है कि उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तीन बार और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में तीन बार जनता से अभूतपूर्व स्नेह प्राप्त हुआ। जनता का विश्वास, स्नेह और समर्थन उनके प्रति दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब प्रधानमंत्री के रूप में मोदी द्वारा सार्वजनिक जीवन में 8,931 दिनों का रिकॉर्ड बनाया जाना राष्ट्र-प्रथम शासन, कार्यों में ईमानदारी और प्रत्येक नागरिक की अथक सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी रविवार को सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए भारत में सर्वाधिक समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले व्यक्ति बन गए।
स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने कहा कि मोदी के सरकार में बिताए वर्षों से देश के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता और जनता की सेवा पर उनका निरंतर ध्यान झलकता है।
नड्डा ने कहा, ‘उनके नेतृत्व में, भारत जन-केंद्रित नीतियों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना की ओर बढ़ रहा है, जिसने गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाया है।’
नड्डा ने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर अधिक आत्मविश्वास और प्रभाव के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी जी का काम हमेशा राष्ट्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देना और जमीनी स्तर पर वास्तविक बदलाव लाना रहा है। उनका नेतृत्व विश्वास, समर्पण और स्पष्ट उद्देश्य की भावना से प्रेरित है।’’
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल के दौरान देश ने बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, प्रभावी जन कल्याण योजनाओं और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में तेजी से प्रगति की है।
उन्होंने एक पोस्ट में कहा, ‘‘2014, 2019 और 2024 में लगातार तीन लोकसभा चुनावों में प्राप्त ऐतिहासिक जनादेश देशवासियों के उन पर अटूट विश्वास का प्रमाण है।’’
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में 8,931 दिन के साथ, प्रधानमंत्री मोदी की ‘‘जनसेवा’’ यात्रा समावेशी विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
गोयल ने कहा, “कड़ी मेहनत और राष्ट्र निर्माण के प्रति दृढ़ संकल्प से प्रेरित होकर, सार्वजनिक सेवा में बिताए उनके वर्षों ने भारत की विकास गाथा को और मजबूत किया है।”
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने प्रधानमंत्री की इस उपलब्धि को “वास्तव में एक उल्लेखनीय मील का पत्थर” बताया और कहा कि उनकी 8,931 दिन की सेवा “अथक समर्पण, ईमानदारी और राष्ट्र-प्रथम शासन” का प्रमाण है।
मोदी गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। उनका कार्यकाल अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक रहा।
उन्होंने वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद 26 मई 2014 को पहली बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव भी जीते और तब से अब तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल