पर्यटन निदेशक ने सेवानिवृत्त अधिकारी की पुनः नियुक्ति को लेकर विरोध प्रदर्शन के बीच इस्तीफा दिया

Ads

पर्यटन निदेशक ने सेवानिवृत्त अधिकारी की पुनः नियुक्ति को लेकर विरोध प्रदर्शन के बीच इस्तीफा दिया

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 08:30 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 08:30 PM IST

आइजोल, 28 मई (भाषा) मिजोरम सरकार द्वारा हाल ही में मुख्यमंत्री के ओएसडी के रूप में पुनः नियुक्त और पर्यटन निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही सेवानिवृत्त अधिकारी आर. लालरोडिंगी ने प्रभावशाली छात्र संगठन मिजो जिरलाई पावल (एमजेडपी) के कई दिनों के विरोध प्रदर्शन के बाद बृहस्पतिवार को पद से इस्तीफा दे दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया, जिससे तीन दिनों से पर्यटन निदेशालय के कामकाज को ठप करने वाला गतिरोध समाप्त हो गया।

लालरोडिंगी ने अपना इस्तीफा पत्र मुख्यमंत्री को सौंपते हुए उनसे अनुरोध किया कि वह पर्यटन निदेशक के पद से उनकी नियुक्ति रद्द कर दें और साथ ही इस पद का विभागीय अधिकारी का दर्जा बनाए रखें।

लालरोडिंगी ने अपने त्यागपत्र में कहा कि आंदोलन ने विभाग के कामकाज को बुरी तरह से बाधित कर दिया है।

उन्होंने लिखा, “पर्यटन निदेशक के रूप में मेरी नियुक्ति के संबंध में एमजेडपी के तीव्र विरोध के कारण, कार्यालय पिछले तीन दिनों से लगभग पूरी तरह से ठप पड़ा है, जिससे पर्यटन विकास गतिविधियों की सुचारू प्रगति प्रभावित हुई है।”

सेवानिवृत अधिकारी ने लिखा, “मुझे नहीं लगता कि मेरे लिए ऐसे पद पर बने रहना उचित है जिससे काम में बाधा उत्पन्न हो और आपकी सरकार पर अनुचित पक्षपात का आरोप लगे। इसलिए, मैं अनुरोध करती हूं कि मुझे पर्यटन निदेशक के पद से मुक्त कर दिया जाए।”

एमजेडपी ने लालरोडिंगी के इस्तीफे के बाद इस मुद्दे पर भविष्य के कदम तय करने के लिए अपनी बैठक रद्द कर दी।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश