नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने अपने मीडिया और मनोरंजन कारोबार में कृत्रिम मेधा (एआई) को केंद्रीय भूमिका में शामिल करने की घोषणा की है। कंपनी ने कहा है कि इससे वह देश के हर उपभोक्ता के लिए प्रमुख मनोरंजन मंच बन सकेगी।
कंपनी ने अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि एआई मनोरंजन के अगले युग को परिभाषित करेगा और भारत के सबसे बड़े मीडिया एवं मनोरंजन मंच के रूप में रिलायंस की जिम्मेदारी है कि वह इस बदलाव का नेतृत्व करे।
रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस का मीडिया एवं मनोरंजन कारोबार, जिसमें जियोस्टार, जियो स्टूडियोज और नेटवर्क18 शामिल हैं, ने वित्त वर्ष 2025-26 में दर्शक संख्या, जुड़ाव के मामले में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है।
वित्त वर्ष 2025-26 में इस खंड से परिचालन आय बढ़कर 34,917 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 17,762 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि एआई का उपयोग केवल दक्षता बढ़ाने के लिए नहीं किया जा रहा, बल्कि इसे सामग्री बनाने, उपभोक्ता अनुभव और दर्शक जुड़ाव को नया आकार देने के लिए मुख्य क्षमता के रूप में अपनाया जा रहा है।
भाषा योगेश अजय
अजय