आइजोल, 24 मार्च (भाषा) मिजोरम के शीर्ष छात्र संगठन मिजो जिरलाई पावल (एमजेडपी) ने मंगलवार को पर्यटकों के लिए एक परामर्श जारी कर सांस्कृतिक संवेदनशीलता और सामाजिक शिष्टाचार का अनुपालन करने पर जोर दिया।
समूह ने यह परामर्श राज्य में पर्यटकों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि के बीच जारी किया है।
छात्र संगठन ने एक बयान में कहा कि यद्यपि मिजोरम पर्यटकों का स्वागत करता है लेकिन आगंतुकों को मिजो जीवन शैली के प्रति सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस सलाह में डिजिटल सामग्री निर्माण, कमजोर समूहों की सुरक्षा और प्रवेश संबंधी कानूनी आवश्यकताओं का कड़ाई से पालन शामिल है।
एमजेडपी ने सोशल मीडिया के लिए सामग्री तैयार करने वालों के संबंध में विशेष चिंता व्यक्त करते हुए गैर-स्थानीय लोगों को ऐसी डिजिटल सामग्री बनाने के खिलाफ चेतावनी दी है जो ‘मिजो लोगों, उनके धर्म या उनके समाज की छवि धूमिल कर सकती है।’’
परामर्श में स्पष्ट रूप से बिना पूर्व अनुमति के निजी आवासों और गिरजाघरों की तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड करने पर रोक लगाई गई है।
इसके अलावा, पर्यटकों से अनुरोध किया गया कि वे सार्वजनिक स्थानों पर ‘‘अतिशयोक्तिपूर्ण या अनुचित’’ व्यवहार से बचें और समुदाय को भ्रामक तरीके से पेश करने के बजाय सटीक रूप से चित्रित करें।
भाषा
धीरज नरेश
नरेश