देहरादून में सप्ताहांत में पर्यटकों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए यातायात प्रबंधन योजना लागू

Ads

देहरादून में सप्ताहांत में पर्यटकों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए यातायात प्रबंधन योजना लागू

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 03:17 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 03:17 PM IST

देहरादून, 20 जून (भाषा) देहरादून पुलिस ने सप्ताहांत में मसूरी, चकराता और ऋषिकेश जाने वाले पर्यटकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शनिवार और रविवार के लिए एक व्यापक यातायात पथ परिवर्तन और पार्किंग प्रबंधन योजना लागू की है । अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से डाटकाली एक्सप्रेसवे होते हुए मसूरी जाने वाले वाहन शिमला बाईपास, बल्लीवाला फ्लाईओवर, बल्लूपुर और कुठाल गेट से होकर जाने वाले तय रास्ते का पालन करेंगे।

लेकिन, उनके मुताबिक, अगर यातायात जाम बढ़ता है, तो गाड़ियों को ट्रांसपोर्ट नगर ट्राई-जंक्शन से लक्ष्मी धर्मकांटा, किमाड़ी और हाथीपांव होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।

एक्सप्रेसवे से चकराता जाने वाले यातायात के लिए, रास्ता जीएमएस रोड, सेंट जूड चौक, नया गांव और लांघा रोड होते हुए नए देहरादून-पांवटा फ्लाईओवर से होकर जाएगा। इसके अलावा, यात्री प्रेम नगर से बल्लूपुर चौक, कौलागढ़, किमाड़ी और हाथीपांव होते हुए मसूरी जाने वाले रास्ते का इस्तेमाल कर सकेंगे ।

अधिकारियों के अनुसार, वापसी में मसूरी से हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले वाहनों को पुराने राजपुर, साईं मंदिर डायवर्जन और सीएसडी ट्राई-जंक्शन से होकर भेजा जाएगा । आशारोड़ी जाने वाले वाहन दिलाराम, ईसी रोड और रिस्पना पुल से होकर गुज़रेंगे, जबकि ऋषिकेश जाने वाले वाहन किरसाली चौक, मालदेवता और थानो रोड से होकर जाएंगे ।

ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहनों को एयरपोर्ट ट्राई-जंक्शन, थानो रोड, लाडपुर, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और कुठाल गेट के रास्ते भेजा जाएगा। डोईवाला से आने वाला यातायात मोहकमपुर फ्लाईओवर से होकर जाएगा और उसी रास्ते से जुड़ने के लिए कैलाश हॉस्पिटल से जोगीवाला की ओर मुड़ेगा।

अधिकारियों ने बताया कि देहरादून शहर में प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों के पास स्थानीय स्तर पर यातायात पथ परिवर्तन लागू किया जाएगा।

मसूरी में शुरुआत में गाड़ियां किंग क्रेग से लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस की तरफ़ जाएंगी लेकिन जब शहर की पार्किंग क्षमता का 90 प्रतिशत हिस्सा भर जाएगा, तो गाड़ियों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा करना होगा और पर्यटकों को स्थानीय टैक्सी का इस्तेमाल करना होगा । अगर किंग क्रेग पार्किंग भी भर जाती है तो यातायात को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड होते हुए ज़ीरो पॉइंट की तरफ़ मोड़ा जाएगा, जहां गाड़ियों को सड़क किनारे तय जगहों पर खड़ा करना होगा।

इसी तरह, ऋषिकेश के लिए भी त्रिस्तरीय यातायात योजना लागू की गयी है।

हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि एंबुलेंस, दमकल और आपूर्ति ट्रकों जैसी आपातकालीन और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को इस यातायात योजना से अलग रखा जाएगा और उन्हें न तो रोका जाएगा और न ही अन्य मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा ।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नो-पार्किंग ज़ोन में खड़ी गाड़ियों को उठा लिया जाएगा तथा उनके मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी । भाषा दीीप्ति रंजन शोभना

शोभना