दिल्ली मेट्रो के नए मार्ग पर केबल चोरी के कारण ट्रेन की गति धीमी हुई

Ads

दिल्ली मेट्रो के नए मार्ग पर केबल चोरी के कारण ट्रेन की गति धीमी हुई

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 09:57 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 09:57 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) दीपाली चौक और मजलिस पार्क के बीच दिल्ली मेट्रो के जिस नए कॉरिडोर का हाल ही में उद्घाटन हुआ उसपर पर 500 मीटर से अधिक सिग्नलिंग केबल की चोरी के कारण बृहस्पतिवार को ट्रेन की गति बाधित हो गई।

एक अधिकारी के अनुसार, भलस्वा और मजलिस पार्क स्टेशन के बीच के खंड में 500 मीटर से अधिक सिग्नलिंग केबल की चोरी के बाद बृहस्पतिवार सुबह दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन पर ट्रेन सेवाएं विनियमित की गईं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पिंक लाइन के मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर खंड और लाइन के दीपाली चौक-मजलिस पार्क खंड का उद्घाटन किया था।

चोरी की घटना के कारण भलस्वा और मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के बीच ट्रेन को 25 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमित गति से चलाना पड़ा।

एक अधिकारी ने बताया कि यात्री सेवाओं पर असर डाले बिना परिचालन घंटों के दौरान सिग्नलिंग केबल बिछाने का काम नहीं किया जा सकता। असुविधा को कम करने के लिए यात्रियों के लिए सेवा का समय समाप्त होने के बाद रात में मरम्मत का काम किया जाएगा।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, प्रभावित खंड के स्टेशन और ट्रेन के अंदर यात्रियों को सूचित रखने के लिए नियमित घोषणाएं की गईं।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन