तृणमूल कांग्रेस ने नंदीग्राम में पुलिस पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया

Ads

तृणमूल कांग्रेस ने नंदीग्राम में पुलिस पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 12:52 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 12:52 PM IST

कोलकाता/नंदीग्राम, 23 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को नंदीग्राम में पुलिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया, जबकि विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान सत्तारूढ़ पार्टी समर्थित गुंडों द्वारा इलाके के लोगों को धमकाए जाने का आरोप लगाया।

राज्य मंत्री शशि पांजा ने एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में तैनात पुलिसकर्मी भाजपा के पक्ष में काम कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल से मुलाकात की और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें दो पुलिस अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से हटाने का आग्रह किया गया।

राज्य मंत्री ने दावा किया, ‘‘इन अधिकारियों की उपस्थिति मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर रही है।’’

भाजपा ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि ‘‘तृणमूल कांग्रेस से संरक्षण प्राप्त गुंडों’’ द्वारा मतदाताओं को धमकाया गया।

उन्होंने पत्रकारों से कहा ‘‘हत्या का आरोपी शेख शहाबुद्दीन इलाके में घूम रहा है। वह उन मतदान केंद्रों में जा रहा है जहां हिंदू मतदाताओं की संख्या अधिक है। वह मतदाताओं को धमका रहा है। मैं मतदाताओं को आश्वस्त करने जा रहा हूं।’’

अधिकारी ने आरोप लगाया ‘‘मैं यहां हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण के लिए नहीं हूं। मैं यहां अपराधियों से निपट रहा हूं, उन्हें रोक रहा हूं। यहां पर अपराधी एक खास समुदाय के लोग हैं और वे टीएमसी के नेता हैं।’’

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 16 जिलों की 152 सीट के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। यह मतदान का पहला चरण है।

नंदीग्राम से एक बार फिर चुनाव लड़ रहे अधिकारी इस सीट के अलावा भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भी चुनावी मैदान पर हैं, जहां 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।

तृणमूल कांग्रेस ने इस सीट से अधिकारी के पूर्व सहयोगी पबित्रा कर को उम्मीदवार बनाया है।

पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान अधिकारी द्वारा बनर्जी को हराए जाने के बाद नंदीग्राम राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गया।

अधिकारी ने नंदनायकबार प्राथमिक स्कूल में सुबह अपना वोट डालने के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रार्थना करता हूं। वे (तृणमूल कांग्रेस) ज्यादा गड़बड़ी नहीं कर पाए और न ही कर पाएंगे। मतदान से पहले की रात आमतौर पर महत्वपूर्ण होती है। सबसे पहले निर्वाचन आयोग और केंद्रीय बलों को धन्यवाद देना चाहिए।’’

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा