तृणमूल ने भवानीपुर के निर्वाचन अधिकारी को हटाने की मांग की, शुभेंदु के साथ नजदीकी का आरोप

Ads

तृणमूल ने भवानीपुर के निर्वाचन अधिकारी को हटाने की मांग की, शुभेंदु के साथ नजदीकी का आरोप

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 12:28 AM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 12:28 AM IST

कोलकाता, तीन अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट के निर्वाचन अधिकारी (आरओ) पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी का नजदीकी होने का आरोप लगाते हुए उन्हें इस जिम्मेदारी से तत्काल हटाए जाने की शुक्रवार को मांग की।

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल को सौंपे गए एक ज्ञापन में सत्तारूढ़ दल ने दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट के लिए आरओ की नियुक्ति पर आपत्ति जताई।

पार्टी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन अधिकारी का वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ ‘‘करीबी संबंध हैं जो दस्तावेजों में भी दर्ज है।’’

शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। वह पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम से भी चुनावी मैदान में हैं।

शिकायत के अनुसार, आरओ पहले नंदीग्राम-2 में खंड विकास अधिकारी के रूप में कार्यरत थे, जहां सार्वजनिक कार्यक्रमों में शुभेंदु अधिकारी के साथ उनकी नजदीकी कथित तौर पर दिखी थी।

तृणमूल ने कहा कि इस तरह का संबंध ‘‘पक्षपात की उचित आशंका’’ पैदा करता है और चुनाव कराने के लिए जरूरी ‘‘निष्पक्षता से समझौता’’ करता है।

भाषा

सिम्मी प्रशांत

प्रशांत

शीर्ष 5 समाचार