ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर तृणमूल ने केंद्र पर साधा निशाना

ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर तृणमूल ने केंद्र पर साधा निशाना

ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर तृणमूल ने केंद्र पर साधा निशाना
Modified Date: May 25, 2026 / 08:58 pm IST
Published Date: May 25, 2026 8:58 pm IST

कोलकाता, 25 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इससे आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में उछाल आएगा।

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए टीएमसी के राज्यसभा सदस्य बाबुल सुप्रियो ने दावा किया कि कोलकाता में पेट्रोल की खुदरा कीमत राष्ट्रीय राजधानी की तुलना में 11 रुपये प्रति लीटर अधिक है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल में ईंधन पर राज्य द्वारा लगाए गए शुल्कों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

सुप्रियो ने कहा, ‘जब अब राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार है, तो पेट्रोल की कीमतें दिल्ली के समान होनी चाहिए।’

इसी संवाददाता सम्मेलन में टीएमसी प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने कहा, ‘ताजा बढ़ोतरी के बाद कोलकाता में आज एक लीटर पेट्रोल की कीमत 113.51 रुपये है, जबकि डीजल ‘शतक’ से महज 18 पैसे दूर 99.82 रुपये पर पहुंच गया है।’

घोष ने दावा किया कि इससे खाद्य सामग्री और परिवहन सहित आवश्यक वस्तुओं के दामों में वृद्धि होगी।

पखवाड़े भर में चौथी बार ईंधन की कीमतें बढ़ाने के लिए केंद्र की आलोचना करते हुए घोष ने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद ऐसा किया गया।

टीएमसी नेता ने कहा, ‘सरकार घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी सहित पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि के लिए पश्चिम एशियाई संकट को जिम्मेदार ठहरा रही है, लेकिन उन्हें जनता की समस्याओं को कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।’

घोष ने राज्य करों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि जब ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में थी, तब भारतीय जनता पार्टी ने भी ऐसी ही मांगें की थीं।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में