कोलकाता, नौ अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के एक सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अमर रॉय (31) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह ‘चिकन’ खरीदने के लिए बाहर गए थे तभी पुंडीमारी के डोडेयार हाट इलाके में उन्हें नजदीक से गोली मार दी गई।
उनकी मां (कुंतला रॉय) दोवागुड़ी पंचायत की प्रधान हैं। रॉय खुद इलाके में पार्टी की युवा शाखा का एक जाना-माना चेहरा थे, लेकिन यह तुरंत पता नहीं चल सका कि क्या उन्होंने संगठन में कोई पद संभाला था।
दिनदहाड़े भीड़ भरे साप्ताहिक बाजार में हुई इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने बताया कि रॉय को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके साथी को भी गोली लगी है, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
तृणमूल के राज्य उपाध्यक्ष व कूचबिहार नगर पालिका के अध्यक्ष रवींद्रनाथ घोष ने आरोप लगाया कि हत्या के पीछे भाजपा का हाथ है क्योंकि वह इलाके में आतंक का माहौल बनाना चाहती है।
भाजपा ने इस आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि यह हत्या तृणमूल के आंतरिक झगड़े का परिणाम है।
हत्या के विरोध में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पुंडीमारी-चकचका मार्ग को अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
पुलिस ने कहा कि वे हत्या के पीछे के लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं और मामला दर्ज कर लिया है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष