लोकसभा में तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी और एनसीपीआई सांसदों के बीच तीखी नोकझोंक

Ads

लोकसभा में तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी और एनसीपीआई सांसदों के बीच तीखी नोकझोंक

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 02:27 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 02:27 PM IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) लोकसभा की कार्यवाही बुधवार को हंगामे के कारण स्थगित होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी और उनके पूर्व पार्टी सहयोगी तथा नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के कुछ सांसदों के बीच सदन में तीखी नोकझोंक हुई।

इस नोकझोंक में एनसीपीआई नेता मिताली बाग, शताब्दी राय और काकोली घोष दस्तीदार शामिल थीं। कल्याण बनर्जी तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के साथ बने हुए हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ।

विपक्ष के कुछ सांसदों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। कुछ विपक्षी सांसदों द्वारा घटना के बारे में पूछे जाने पर कल्याण बनर्जी सदन से बाहर चले गए।

इसके बाद मिताली बाग, काकोली घोष दस्तीदार और एनसीपीआई के कुछ अन्य सांसद इस मामले को उठाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कक्ष में पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार, बिरला ने एनसीपीआई के सांसदों से इस संबंध में लिखित शिकायत देने को कहा।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के 20 सांसदों ने नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर एनसीपीआई का दामन थाम लिया था। वे लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस सांसदों से अलग बैठ रहे हैं।

एनसीपीआई के सांसदों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति भी अपना समर्थन जताया है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव