सपा एवं कांग्रेस की सरकारों ने बनाया गोरखपुर को आपराधिक गतिविधियों का केंद्र,हमने हालात सुधारे:योगी

Ads

सपा एवं कांग्रेस की सरकारों ने बनाया गोरखपुर को आपराधिक गतिविधियों का केंद्र,हमने हालात सुधारे:योगी

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 06:53 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 06:53 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

गोरखपुर (उप्र), 16 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकारों पर गोरखपुर को ‘आपराधिक गतिविधियों का केंद्र’ बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 में राज्य में उनकी अगुवाई वाली सरकार बनने पर इसके क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने यहां एक ‘कल्याण मंडपम’ का उद्घाटन करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इन्सेफलाइटिस बीमारी का जिक्र किया और कहा कि अतीत में इस बीमारी से सैकड़ों बच्चों की मौत को रोकने में पिछली सरकारें नाकाम रही थीं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सरकार ने गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश से इस बीमारी को खत्म करने के लिए काम किया।

आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘पहले गंदगी और अपराध था और लोग बाहर जाने से डरते थे। ये समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सरकारों की गंदी सोच का नतीजा थे, जिन्होंने गोरखपुर को आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बना दिया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन्सेफलाइटिस खत्म हो गया है, माफिया खत्म हो गए हैं और मच्छर भी खत्म हो गए हैं।’’

आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने राज्य में सुरक्षित माहौल देने के लिए काम किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू-मुक्त और दंगा-मुक्त है। उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। अपराधी या तो जेल में हैं या राज्य छोड़कर चले गए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का जिक्र किया, जिनमें चार-लेन वाली सड़कें, रेलवे ओवरब्रिज, एक फ्लाईओवर और रामगढ़ ताल का पुनर्विकास शामिल है। उन्होंने उर्वरक फैक्टरी को फिर से शुरू करने और शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थान स्थापित करने का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि अब गोरखपुर में ‘एम्स’ और अन्य बड़े संस्थान हैं और सैनिक स्कूल स्थानीय बच्चों को सेना में करियर बनाने का मौका दे रहा है।

आदित्यनाथ ने दावा किया कि गोरखपुर में 500 से ज्यादा उद्योग स्थापित किए गए हैं, जिनसे लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विकास से आस-पास के जिलों के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि वे जाति, क्षेत्र या भाषा के आधार पर बंटें नहीं, क्योंकि इस तरह के बंटवारे से ‘कर्फ्यू, दंगे, अराजकता और गुंडागर्दी’ हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बेहतर वर्तमान और बेहतर भविष्य के लिए, हमें ‘डबल-इंजन सरकार’ के नेतृत्व में मिलकर आगे बढ़ने की तैयारी करनी चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि गरीब परिवारों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय और रसोई कनेक्शन जैसे लाभ मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुज़ुर्गों, बेसहारा महिलाओं और दिव्यांगों को पेंशन का फायदा दिया जा रहा है।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार