एसीटी में भाग लेने के लिए पाकिस्तान हॉकी टीम को भारत जाने की सरकारी मंजूरी का इंतजार: पीएचएफ

Ads

एसीटी में भाग लेने के लिए पाकिस्तान हॉकी टीम को भारत जाने की सरकारी मंजूरी का इंतजार: पीएचएफ

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 06:49 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 06:49 PM IST

लाहौर, 16 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान हॉकी टीम को इस साल भारत में होने वाली पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) में हिस्सा लेने के लिए अभी तक अपनी सरकार से मंजूरी नहीं मिली है।

पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पंजाब के मोहाली और जालंधर में किया जाएगा।

पीएचएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस दावे का खंडन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में भाग लेने की पुष्टि कर दी है।

अधिकारी ने कहा कि फिलहाल दोनों देशों में किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम भेजने से पहले सरकार की मंजूरी अनिवार्य है। यह नियम बहु-टीम प्रतियोगिताओं पर भी लागू होता है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम पहले सरकार से सलाह लेंगे कि टीम को भारत भेजा जाए या नहीं। इसके बाद ही भारतीय वीजा के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।’’

उन्होंने यह भी कहा कि अतीत में भारतीय उच्चायोग ने पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों और अधिकारियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए वीजा जारी करने में अपेक्षित सहयोग नहीं किया है।

भारत, पाकिस्तान, मलेशिया, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया की टीमों का नाम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वालों की सूची में शामिल हैं।

पाकिस्तान ने भारत के साथ राजनीतिक तनाव के चलते पिछले साल भारत में खेले गये एशिया कप में भाग नहीं लिया था।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर