तृणमूल ने मुस्लिम वोट तो हासिल कर लिए लेकिन समुदाय के लिए कुछ नहीं किया: ओवैसी

Ads

तृणमूल ने मुस्लिम वोट तो हासिल कर लिए लेकिन समुदाय के लिए कुछ नहीं किया: ओवैसी

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 01:26 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 01:26 PM IST

कोलकाता, 25 मार्च (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने मुस्लिम वोट तो हासिल कर लिए लेकिन ‘‘समुदाय के लिए कुछ नहीं किया।’’

ओवैसी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राजनीति ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को उभरने में मदद की।

ओवैसी ने कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल के लोग घुटन महसूस कर रहे हैं और उनकी पार्टी ने हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के साथ हाथ मिलाया है ताकि जनता को वह विकल्प प्रदान किया जा सके जिसकी उन्हें तलाश हैं।

हैदराबाद से सांसद ने कहा, ‘‘हुमायूं कबीर के साथ हमारे गठबंधन का उद्देश्य पश्चिम बंगाल में कमजोर वर्गों के शोषण को रोकना और उन्हें सशक्त बनाना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा गठबंधन मुसलमानों के राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने का भी प्रयास करेगा।’’

ओवैसी ने दावा किया कि राज्य में अल्पसंख्यकों का विकास एक बड़ा मुद्दा है।

यह पूछे जाने पर कि क्या पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी की मौजूदगी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मदद मिलेगी, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र में लोगों को अपनी पसंद की पार्टी को वोट देने की आजादी है।’’

मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की शैली पर प्रस्तावित मस्जिद को लेकर हुए विवाद के बाद तृणमूल कांग्रेस से निलंबित किए जाने पर कबीर ने आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) का गठन किया था। कबीर ने कहा कि गठबंधन विधानसभा चुनाव में 182 सीट पर चुनाव लड़ेगा।

उन्होंने दावा किया कि अगर चुनाव में खंडित जनादेश आता है तो गठबंधन सरकार गठन में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा सीट के लिए मतदान 23 एवं 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को निर्धारित है।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी

शीर्ष 5 समाचार