अगरतला, चार मई (भाषा) त्रिपुरा के धर्मनगर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार जे. चक्रवर्ती ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) उम्मीदवार को 18,920 मतों के अंतर से हरा दिया।
चक्रवर्ती को 24,291 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा उम्मीदवार अमिताभ दत्ता को 6,001 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस के चयन भट्टाचार्य को 5,936 मत ही मिल सके।
त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन के पिछले साल दिसंबर में निधन के कारण यहां उपचुनाव आवश्यक हो गया था। उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 79.84 रहा।
उपचुनाव में चक्रवर्ती की जीत के साथ ही त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा की कुल सीट की संख्या 33 हो गई, जबकि उसकी सहयोगी – टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के 13 विधायक हैं और त्रिपुरा के स्वदेशी जन मोर्चा का एक विधायक है।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भाजपा को भारी बहुमत से जीत दिलाने के लिए धर्मनगर की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘‘धर्मनगर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जे. चक्रवर्ती को भारी बहुमत से चुनने के लिए मैं धर्मनगर की जनता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।’’
भाषा यासिर वैभव
वैभव