अगरतला, 25 फरवरी (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बुधवार को कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में त्रिपुरा की एक छात्रा पर कथित हमले के संबंध में न्याय का आश्वासन दिया है।
गुरुग्राम में बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर रही छात्रा पर उसके सह-जीवन साथी ने कथित तौर पर हमला किया, जिससे पूर्वोत्तर राज्य के लोगों में आक्रोश फैल गया।
यह घटना 16 फरवरी को उस वक्त सामने आई जब पीड़िता ने कथित तौर पर अपनी मां को फोन करके बताया कि शिवम नाम का एक व्यक्ति तीन दिनों से उसे एक बंद कमरे में प्रताड़ित कर रहा था।
साहा ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज मैंने गुरुग्राम में पीड़िता से जुड़े मामले के संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात की। मुख्यमंत्री ने मुझे आश्वासन दिया कि वह व्यक्तिगत रूप से मामले की जांच करेंगे और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।’
साहा ने कहा, ‘‘मैंने पीड़िता की मां से भी बात की और उन्हें राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके अलावा मैंने दिल्ली में मुख्य स्थानीय आयुक्त को परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरे अनुरोध पर त्रिपुरा के समाज कल्याण मंत्री टिंकू रॉय ने स्थिति का जायजा लेने और सहायता प्रदान करने के लिए अस्पताल का दौरा किया। इसके अलावा मैंने पीड़िता के लिए सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय से भी संपर्क किया है।’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश