त्रिपुरा ग्राम समिति चुनाव : गठबंधन पर अमित शाह करेंगे टीएमपी प्रमुख और मुख्यमंत्री से बातचीत

त्रिपुरा ग्राम समिति चुनाव : गठबंधन पर अमित शाह करेंगे टीएमपी प्रमुख और मुख्यमंत्री से बातचीत

त्रिपुरा ग्राम समिति चुनाव : गठबंधन पर अमित शाह करेंगे टीएमपी प्रमुख और मुख्यमंत्री से बातचीत
Modified Date: August 7, 2026 / 01:48 pm IST
Published Date: August 7, 2026 1:48 pm IST

अगरतला, सात अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह त्रिपुरा के आदिवासी स्वायत्त परिषद क्षेत्र में अगले महीने होने वाले ग्राम समिति (वीसी) चुनावों के लिए गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा करने के उद्देश्य से शनिवार को नयी दिल्ली में टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के संस्थापक प्रद्योत किशोर देबबर्मा और इस पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा के साथ बैठक कर सकते हैं। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

राज्य के आदिवासी स्वायत्त परिषद क्षेत्र में 587 ग्राम समितियों के लिए चुनाव अगले महीने के पहले पखवाड़े में होने हैं।

टीएमपी विधायक रंजीत देबबर्मा ने कहा, ‘‘टिपरा मोथा पार्टी के संस्थापक प्रद्योत किशोर देबबर्मा और पार्टी के महासचिव बृषकेतु देबबर्मा बैठक में भाग लेने के लिए आज राष्ट्रीय राजधानी जाएंगे। भाजपा के पूर्वोत्तर क्षेत्र के समन्वयक संबित पात्रा और मुख्यमंत्री माणिक साहा के भी बैठक में मौजूद रहने की संभावना है।’’

बहरहाल, राज्य स्तर पर टीएमपी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ सत्ता में साझेदार है, लेकिन त्रिपुरा आदिवासी क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) में दोनों दलों के बीच कोई चुनावी समझौता नहीं है।

इस वर्ष अप्रैल में हुए टीटीएएडीसी चुनाव में टीएमपी ने 28 में से 24 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि भाजपा को केवल चार सीटें मिली थीं।

रंजीत देबबर्मा ने कहा, ‘‘हमने बैठक के लिए अपना एजेंडा तैयार कर लिया है। स्वाभाविक रूप से हमारी सबसे प्रमुख मांग ‘टिपरासा समझौते’ को लागू करने की होगी। समझौते पर हस्ताक्षर हुए दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक इसका कोई ठोस परिणाम जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर ‘टिपरासा समझौता’ लागू ही नहीं होता, तो सत्ता में साझेदार होने का क्या मतलब है? चुनाव के दौरान हम मतदाताओं से क्या कहेंगे? हमें उम्मीद है कि इस बैठक से कोई सकारात्मक नतीजा निकलेगा।’’

मार्च 2024 में अमित शाह की मौजूदगी में टीएमपी ने राज्य के आदिवासी समुदाय के समग्र विकास के लिए केंद्र और त्रिपुरा सरकार के साथ टिपरासा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

इस बीच, भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव बी. एल. संतोष ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में भाजपा की त्रिपुरा कोर कमेटी के साथ बैठक की।

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय और सांसद बिप्लब कुमार देब भी शामिल हुए।

भाषा गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में