राज्य बजट में टीएसपी कोष बढ़ाकर 1500 करोड़ रुपये किया गया : भजनलाल शर्मा

Ads

राज्य बजट में टीएसपी कोष बढ़ाकर 1500 करोड़ रुपये किया गया : भजनलाल शर्मा

  •  
  • Publish Date - July 31, 2024 / 01:00 AM IST,
    Updated On - July 31, 2024 / 01:00 AM IST

जयपुर, 30 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार समाज के वंचित और कमजोर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने संविधान की मंशा के अनुरूप जनजाति परामर्शदात्री परिषद का गठन किया है और इस परिषद के सुझावों के अनुरूप निर्णय लेकर आदिवासी समुदाय के जीवन स्तर में परिवर्तन लाने का कार्य किया जाएगा।

शर्मा मंगलवार को राजस्थान विधानसभा में आयोजित राजस्थान अनुसूचित जनजाति परामर्शदात्री परिषद की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जनजाति समुदाय के कल्याण की भावना से अनुसूचित जनजाति के विकास एवं सशक्तीकरण के लिए टीएसपी (जनजातीय उप-योजना) कोष इस बजट में 1000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1500 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में गोविन्द गुरु जनजाति क्षेत्र विकास योजना प्रारंभ की जा रही है, जिसके माध्यम से सामुदायिक वनाधिकार क्षेत्रों में विकास और संरक्षण के कार्य किए जाएंगे।

भाषा कुंज नोमान

नोमान