चेन्नई, 18 मार्च (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ‘‘गठबंधन के वास्ते वार्ता’’ संबंधी दावों को ‘‘झूठा अभियान’’ बताते हुए बुधवार को खारिज कर दिया। हालांकि उन्होंने गठबंधन के संबंध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नाम नहीं लिया।
विजय ने यहां के निकट मामल्लपुरम में आयोजित एक इफ्तार कार्यक्रम में कहा कि टीवीके के गठबंधन में शामिल होने की खबरों के कारण कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
उन्होंने इस बात के संकेत दिये कि टीवीके 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में राजग के साथ गठबंधन नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस रुख पर अडिग हैं कि (चुनावों में बड़ी जीत के बाद) सरकार का नेतृत्व हम ही करेंगे; धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को लेकर कोई समझौता नहीं होगा।’’
विजय ने कहा कि टीवीके जनता की टीम है और उन्होंने इस आरोप को खारिज कर दिया कि उनकी पार्टी ‘‘बी-टीम’’ के रूप में काम करती है।
भाषा
देवेंद्र सुरेश
सुरेश