मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण ट्वेंटी20 पार्टी ने दो अभिनेत्रियों के नाम वापस लिए
मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण ट्वेंटी20 पार्टी ने दो अभिनेत्रियों के नाम वापस लिए
कोच्चि, 19 मार्च (भाषा) केरल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी पार्टी ट्वेंटी20 ने मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण अपनी दो महिला उम्मीदवारों की उम्मीदवारी वापस ले ली, जो पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
पार्टी ने राज्य में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में इन दो अभिनेत्रियों को अपना उम्मीदवार बनाया था।
ट्वेंटी20 पार्टी ने लक्ष्मी प्रिया की एर्नाकुलम जिले के पेरुंबवूर से और वीना नायर की कोट्टायम जिले के एट्टुमानूर से उम्मीदवारी वापस ले ली।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि पिछले चुनाव में मतदान करने के बावजूद दोनों उम्मीदवारों के नाम मतदाता सूची में नहीं थे।
ट्वेंटी20 ने एक बयान में घोषणा की कि जिबी पथियक्कल पेरुंबवूर में अभिनेत्री लक्ष्मी प्रिया की जगह लेंगे।
बयान में कहा गया है, ‘‘यह बदलाव तब किया गया जब लक्ष्मी प्रिया का नाम मतदाता सूची में नहीं मिला, जिसके चलते पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी वापस ले ली।’’
पेरुंबवूर में कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी पथियक्कल बाद में ट्वेंटी20 में शामिल हो गए।
वहीं, अभिनेत्री वीना नायर ने कहा कि उन्होंने आखिरी बार 2020 में चांगनास्सेरी में मतदान किया था, हालांकि उन्होंने विधानसभा मतदाता सूची में अपना विवरण अद्यतन नहीं किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने उम्मीदवारी प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची देखी तो उसमें मेरा नाम नहीं था। मुझे एहसास हुआ कि विधानसभा चुनाव और स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूचियां अलग-अलग होती हैं।’’
उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कोई सुधार नहीं किया था।
नायर ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर ट्वेंटी20 के प्रमुख साबू एम जैकब से बात की है और पार्टी जल्द उनकी जगह किसी उम्मीदवार की घोषणा करेगी क्योंकि नामांकन दाखिल करने की समय सीमा 23 मार्च को समाप्त हो रही है।
भाषा सुरभि अविनाश
अविनाश

Facebook


