इडुक्की, 12 सितंबर (भाषा) केरलम में इडुक्की जिले के अदिमाली में घर की रसोई के फर्श पर गिरे एक संदिग्ध कीटनाशक रसायन को कथित तौर पर चखने के बाद एक वर्षीय जुड़वां भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृत बच्चों की पहचान अदिमाली के मन्नमकंडम के पास स्थित वालारकारा निवासी अफसल के बेटों रिहान और इहान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात उस समय हुई जब एक रसायन से भरी बोतल रसोई के फर्श पर गिर गई। ऐसा संदेह है कि बच्चों ने कीटनाशक को चखा था।
इसने बताया कि जुड़वां बच्चों ने फर्श पर गिरे तरल पदार्थ को चख लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई।
परिजन उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए जहां रात करीब 10 बजे दोनों की मौत हो गई।
अदिमाली पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घर की जांच के दौरान रसोई से ‘पेंट थिनर’ की एक बोतल और कीटनाशक की एक बोतल बरामद की।
अधिकारियों ने बताया कि मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम के बाद होगी।
उन्होंने कहा कि शवों से लिए गए नमूनों को रासायनिक जांच के लिए भी भेजा जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चों की मौत रसायन के सेवन से हुई या नहीं।
पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
भाषा
सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल