पलक्कड (केरलम), 12 सितंबर (भाषा) केरलम में पलक्कड के वडक्केनचेरी में दमकल एवं बचाव सेवा कर्मियों ने बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण एक घंटे से अधिक समय तक लिफ्ट में फंसे रहे एक युवक को शनिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यहां किझक्केनचेरी निवासी महेश एक इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर बने जिम में गया था। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे केएसईबी की बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद महेश लिफ्ट में फंस गया।
उन्होंने बताया कि कुछ देर इंतजार करने के बाद उसने मदद के लिए आवाज लगाई, जिससे बाहर मौजूद लोगों को उसके लिफ्ट में फंसे होने का पता चला।
अधिकारियों ने बताया कि जिम में मौजूद लोगों ने लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
रात करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद भी लिफ्ट काम नहीं कर रही थी। इसके बाद लोगों ने वडक्केनचेरी दमकल केंद्र को सूचना दी।
अधिकारियों ने बताया कि दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी जल्द ही मौके पर पहुंचे और हाइड्रोलिक उपकरण की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर युवक को बाहर निकाला।
अधिकारियों ने इमारत के मालिक को बिजली गुल होने पर लिफ्ट में लोगों को फंसने से बचाने के लिए बिजली के वैकल्पिक इंतजाम करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि बिजली की कमी के कारण केएसईबी फिलहाल पूरे केरलम में रात के समय बिजली कटौती कर रही है।
भाषा शोभना सिम्मी
सिम्मी