उत्तरपूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में बदले की भावना से की गई हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

Ads

उत्तरपूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में बदले की भावना से की गई हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 08:41 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 08:41 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तरपूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में 22 वर्षीय एक युवक की प्रतिशोध के कारण गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना 19 और 20 मई की दरमियानी रात के दौरान हुई, जब पुलिस को श्याम लाल कॉलेज के पास गोलीबारी की सूचना मिली।

मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि मौजपुर के रहने वाले घायल अमानुल्लाह कुरैशी को उसके परिजन जीटीबी अस्पताल ले गए थे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए जिसके बाद वेलकम थाने में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान सैफी उर्फ ​​अब्दुल (27) और अमीर आलम (22) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने साथियों के बारे में भी जानकारी दी।

मामले में शामिल शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक, मोइन कुरैशी का भाई था।

मोइन इस साल 23 जनवरी को वेलकम इलाके के किंग कैफे में 24 वर्षीय फैजान की गोली मारकर हत्या मामले में वांछित था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने बताया था कि मोइन और फैजान एक-दूसरे को जानते थे और एक ही इलाके में रहते थे।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश